अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
पुलिस थाना रामपुर के तहत जगातखाना पुल से बुधवार दोपहर बाद एक युवक ने सतलुज नदी में छलांग लगा दी। खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी लापता युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जगातखाना पुल से बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक युवक ने सतलुज नदी में छलांग लगा दी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी रामपुर से कर्मचारी और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी नदी के पास पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की। देर शाम तक पुलिस और अग्निशमन दल को युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस और अग्निशमन विभाग के जवानों ने सतलुज नदी में काफी दूर तक युवक को खोजने का प्रयास किया। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका कि छलांग किसने लगाई। रामपुर पुलिस ने आसपास के थानों और चौकियों को इस बारे में सूचित कर दिया है। पुलिस युवक की छानबीन में जुटी हुई है। अतिरिक्त थाना प्रभारी रविंद्र लाल ने बताया कि सतलुज नदी में कूदे युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। क्षेत्र के संबंधित पुलिस थानों और चौकियों को इस बारे में सूचित किया गया है। युवक की तलाश जारी है। युवक की अभी तक कोई पहचान नहीं हो पाई है