औचक निरीक्षण का हवाला देकर फर्जी सीआईडी इंस्पेक्टर दुकानदारों से दो हजार रुपये तक ऐंठ रहा था।
- फोटो : Demo Pic
वसूली की शिकायतें सामने आने पर एसएसपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर रहे हैं। लेकिन इसका कोई खास असर नहीं दिख रहा। शिकायतें लगातार मिल रही हैं। बुधवार को भी गगहा के दो दरोगा और गोरखनाथ थाने में तैनात एक सिपाही को निलंबित किया गया। इस पर वसूली और काम में लापरवाही का आरोप था।
रकम के बदले पैमाइश नहीं कराने वादा, वीडियो वायरल
गगहा थाने में तैनात दरोगा रामनुज सिंह यादव और दिनेश कुमार यादव के बीच वसूली के लिए की जा रही बातचीत का वीडियो वायरल हो गया। पता चला कि हाटा बाजार निवासी धर्मेंद्र मद्धेशिया की जमीन की बिना पैमाइश कराए दीवार का निर्माण कराए जाने के मामले में दोनों दरोगाओं ने रकम ऐंठ कर काम कराए जाने वायदा किया था। वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने एसपी दक्षिणी को जांच करने का आदेश दिया था। शिकायत सही पाए जाने पर बुधवार को दोनों दरोगाओं को सस्पेंड कर प्रारंभिक जांच का आदेश दिया गया।
पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए मांगी रकम
गोरखनाथ थाने में तैनात सिपाही राहुल कुमार सिंह पर पासपोर्ट वेरिफिकेशन के नाम पर रकम मांगने का आरोप लगा। नियमानुसार पासपोर्ट का वेरिफिकेशन पुलिसकर्मी को घर जाकर करना होता है और फिर रिपोर्ट लगानी होती है। पर सिपाही ऐसा नहीं कर रहा था। आरोप है कि ठेकेदारी, पासपोर्ट, चरित्र प्रमाण पत्र का वेरिफिकेशन के लिए थाने पर तैनात सिपाही राहुल आवेदक को कॉल करता था और फिर रकम की मांग करता था। रकम न देने पर गलत रिपोर्ट लगाकर फार्म को रद कराने की धमकी देता था। मामला संज्ञान में आने पर इसे निलंबित कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई।
गगहा में तैनात दो दरोगा का वसूली के संबंध में बातचीत और गोरखनाथ में तैनात सिपाही का वेरिफिकेशन के लिए रकम मांगने का मामला सामने आने पर तीनों को सस्पेंड कर प्रारंभिक जांच का आदेश दिया गया है।
- शलभ माथुर, एसएसपी