अमर उजाला ब्यूरो
कोटखाई।
तहसील कोटखाई के तहत कलबोग के नारगण गांव में रविवार शाम आग से दस कमरों को एक घर जल गया। अग्निकांड में करीब 30 लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा। आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट माना जा रहा है। अग्निकांड से दो परिवार बेघर हो गए हैं।
नारगण गांव के प्रभावित दिनेश कुमार ने बताया कि रविवार शाम के समय परिवार के लोग रसोई घर में बैठे थे। उस समय गोशाला से उनका बड़ा भाई अपनी पत्नी के साथ घर को लौट रहा था। इस दौरान उन्होंने घर के एक हिस्से में आग को देखा। इस पर उन्होंने सहायता के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। यह सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन आग से घर और उसमें रखा सामान नहीं बच सका। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सड़क से दूर होने के कारण अग्निशमन विभाग का वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका। अगर वाहन समय पर मौके पर पहुंच जाता तो नुकसान कम होता। प्रभावितों को आसपास के घरों में आश्रय दे रखा है। प्रशासन की ओर से कोटखाई के नायब तहसीलदार विपिन शर्मा ने मौके पर प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 20 हजार रुपये, कंबल व तिरपाल दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से आग से हुए नुकसान का सही आकलन लगाया जा रहा है।