अमर उजाला ब्यूरो
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी के खनोग के पास कार खाई में गिर जाने से दो जेबीटी की मौत हो गई। ये दोनों समरसेरी स्कूल में तैनात थे। देर शाम दोनों अप्लाइड फॉर कार में सवार होकर घर जा रहे थे। खनोग के पास कार अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गई। हादसे में दोनों शिक्षकों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शवों को खाई से निकालने के बाद अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम करवाया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक
वीर चंद (52) पुत्र कमला नंद और विनोद शर्मा (38) पुत्र गोपाल गांव शोली देर शाम कार में घर लौट रहे थे। इसी दौरान समरसेरी के पास कार हादसा हो गया। कार के खाई में गिरते ही लोग मौके की तरफ दौड़े। पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को सड़क तक पहुंचाया। हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करने के बाद इन्हें परिजनों के हवाले कर दिया। डीएसपी रामपुर देव कुमार नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।