रामपुर बुशहर। रामपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर आठ के अपर डकोलढ़ में दो मंजिला गौशाला में अचानक आग लगने से उसमें रखा घास और अन्य सामान जलकर राख हो गया। अग्निशमन दल और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में लाखों के नुकसान का अनुमान है। गनीमत रही कि जिस समय गौशाला में आग लगी उस समय उसमें एक ही गाय थी, जिसे समय रहते बाहर निकाल दिया गया। प्रशासन की टीम मौके पर रवाना हो गई है, जो नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करेगी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वीरवार दोपहर बाद करीब 4:30 बजे रामपुर के अपर डकोलढ़ में रतन चंद पुत्र नंद लाल शर्मा की दो मंजिला गौशाला में अचानक आग लग गई। लकड़ी की गौशाला होने के कारण आग एकदम फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना रामपुर अग्निशमन विभाग को दी। इसके बाद विभाग के अधिकारी रोशन शर्मा की अगुवाई में दमकल वाहन के साथ टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने भी आग पर काबू पाने के लिए अपना भरपूर सहयोग दिया। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। एसडीएम रामपुर निपुण जिंदल ने बताया कि अपर डकोलढ़ में एक गौशाला में आग लगने की सूचना मिली है। प्रशासन की टीम को नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर भेजा गया है। प्रभावित को प्रशासन की और से फौरी राहत और तिरपाल मुहैया करवाई गई है।