सांगला(किन्नौर)। किन्नौर जिले के सांगला-कड़छम मार्ग में देर रात एक टिपर खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टिपर नंबर एचपी 06 बी 6004 में चालक कड़छम से सांगला की ओर जा रहा था। अचानक रूतरंग के पास टिपर अनियंत्रित होकर सड़क से 500 मीटर नीचे जा गिरा। हादसे में चालक दल बहादुर (24) शमरगंज, जिला बांके नेपाल की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद सांगला थाना से मुख्य आरक्षी अश्वनी कुमार, जगदेव नेगी, लाल सिंह और गृहरक्षक विद्या कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और शव को खाई से निकाला। पुलिस ने शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला में पोस्टमार्टम के लिए रखा है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, एसपी किन्नौर साक्षी वर्मा ने बताया कि सांगला-कड़छम संपर्क मार्ग पर देर रात टिपर गिरने से नेपाल मूल के चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने शव पोस्टर्माटम के लिए सांगला अस्पताल में भेज दिया है। पोस्टर्माटम करके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस छानबीन में जुटी है।