नेरवा बाजार में जनरल स्टोर
राख, लाखों रुपये का नुकसान
सुबह सैर को जा रहे लोगों ने दुकान में लगी आग को देखा
घटना के कारणों का नहीं हो पाया खुलासा, पुलिस जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा बाजार में सोमवार सुबह आग लगने से एक जनरल स्टोर में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना में करीब आठ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सैर के लिए जा रहे बैंक कर्मचारी बेबी झगटा और स्थानीय दुकानदार टीटू ने शिवलौती भवन नेरवा के समीप मां भगवती जनरल स्टोर से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना समीप के दुकानदारों को दी। दुकानदारों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। काफी कोशिश के बाद दुकान का शटर उठाया तो अंदर से एकाएक धुएं के गुबार निकलने शुरू हो गए। दुकान के सामने आग काफी भड़क गई थी। जिस कारण सामने से आग बुझाने में कठिनाई पेश आ रही थी। इसलिए दुकान के पिछले हिस्से में बने दरवाजे को तोड़कर, वहां से आग पर काबू आग बुझाने के प्रयास किए। सभी के सहयोग से आग पर तो काबू पाया गया। लेकिन तब तक आग से दुकान के भीतर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया था। आग से सात से आठ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस थाना प्रभारी प्रदीप ठाकुर ने दुकान में आग लगने की पुष्टि की है।