रोहडू। क्षेत्र के एक मजदूर ने नाबालिग बेटी को बहला फुसला का अगवा करने की शिकायत थाने में की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नाबालिग को आरोपी सहित पकड़ कर थाने पहुंचाया। थाने से नाबालिग को पिता के साथ घर भेज कर मामले को रफा दफा कर दिया। अब पीड़िता के पिता ने एसपी शिमला को शिकायत भेज कर न्याय की मांग की है। पीड़िता के पिता ने कहा कि न्याय नहीं मिला तो पूरे परिवार के साथ आत्मदाह कर लेंगे। पीड़िता ने साफ शब्दों में कहा कि उसके साथ कई बार दुष्कर्म हुआ है।
नाबालिग के पिता ने बताया कि पिछले महीने उसकी बच्ची को बहला फुसला एक व्यक्ति भाग ले गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सहित नाबालिग को जुब्बल में पकड़ा। रोहडू थाने में पहुंचने पर नाबालिग का कोई मेडिकल नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी को भी छोड़ दिया। मजूदर पिता से कोरे कागज पर हस्ताक्षर थाने में ही करवाए। पुलिस ने युवती को पिता के साथ यह कह कर घर भेज दिया कि अभी कोई मेडिकल नहीं होगा। युवती के पिता ने एसपी शिमला को भेजी शिकायत में आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने उनको एक सप्ताह बाद युवती के मेडिकल करवाने की बात कही थी। पुलिस ने आश्वासन दिया था कि उस समय तक आरोपी को थाने में ही रखा जाएगा। पीड़िता के पिता ने बताया एक सप्ताह बाद जब बेटी को लेकर थाने पहुंचे तो आरोपी थाने में था ही नहीं।
पीड़िता ने अपनी माता के साथ बताया कि आरोपी ने जुब्बल में कई बार डरा धमका कर जबरन दुष्कर्म किया है। अब पीड़िता के पिता ने कहा कि थाना प्रभारी ने ही मामले को दबाने का प्रयास किया है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच के बाद कि बेटी को न्याय व आरोपियों को कड़ी सजा की मांग की है।
डीएसपी रोहडू अनिल शर्मा ने कहा कि आरोप लगाने वाले मजदूर के मालिक ने तीन चार दिन पहले रोहडू के चौक पर होमगार्ड के जवानों के साथ बदसलूकी की थी। इसलिए अब मामले को तूल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा पीड़िता के पिता की इस प्रकार की कोई शिकायत उनके पास नहीं पहुंची है।