ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। पुलिस थाना ननखड़ी के तहत खड़ाहण में पुलिस ने दो युवकों को 5.17 ग्राम चिट्टे के साथ धर दबोचा है। पुलिस ने सोमवार देर शाम गश्त के समय यह कार्रवाई की है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम एक्ट के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार देर शाम को ननखड़ी पुलिस की टीम खड़ाहण में गश्त कर रही थी। थाना प्रभारी ननखड़ी ओम प्रकाश की अगुवाई में पुलिस टीम ने पेट्रोलिंग के दौरान चिट्टा पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने इस दौरान पिंकू चौहान (24) गांव राजपुरा, तहसील रामपुर और अश्वनी नेगी (25) गांव भड़ावली, तहसील रामपुर, जिला शिमला को खड़ाहण में 5.17 ग्राम चिट्टे के साथ धर दबोचा। दोनों युवा भड़ावली पंचायत के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी तफ्तीश में जुटी हुई है। डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार पहुंच रही चिट्टे की खेप से सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक बीते कई वर्षों से नशा तस्करों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। यदि सरकार और पुलिस प्रशासन ने समय पर नशे पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस कदम उठाया होता तो निश्चित तौर पर नशे से जुड़े तस्करों को कार्रवाई का खौफ रहता। लेकिन, अब कई ग्रामीण क्षेत्र भी चिट्टे की तस्करी से अछूते नहीं हैं जो सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।