ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग शहर के साथ लगते भड़ियाना जंगल में नशेड़ियों के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से शाम तक यहां नशे के अलावा ताश खेलने वाले लोग जंगलों में जगह-जगह पर बैठे नजर आते हैं। इस रास्ते से रोजाना लोगों का आना-जाना होता है। ऐसे में यहां पर बैठे ये नशेड़ी यहां से गुजरने वाली स्कूली छात्राओं और महिलाओं को भी परेशान करते हैं। इसी समस्या को लेकर वीरवार को देवरीघाट पंचायत प्रधान सुरेश वर्मा ने पुलिस थाना ठियोग में शिकायत दर्ज करवाई।
लिखित शिकायत में प्रधान ने पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की। भड़ियाना गांव की महिला रीना शर्मा, शीला शर्मा, रंजीता शर्मा, सुलोचना और संतोष सहित अन्य ग्रामीणों ने पुलिस से नशेड़ियों पर लगाम लगाने और कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं डीएसपी ठियोग कुलविंद्र सिंह के अनुसार जनता की शिकायत को देखते हुए पुलिस ने मौके पर जवानों को भेजा तो जंगल में कई जगहों पर लोगों को नशा करते हुए देखा गया। पुलिस को देख कुछ लोग भाग गए और कुछ लोगों को पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया है। अब रोजाना यहां पर गश्त को लेकर गंभीरता बरती जाएगी।