विजेता को 3 लाख, उपविजेता टीम को 1.50 लाख मिलेगा इनाम
प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 96 टीमें दिखाएंगी दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। बागा सराहन में 20 मार्च से क्रिकेट का रोमांच शुरू होगा। ऐतिहासिक झीरू क्रिकेट कप की विजेता टीम को आयोजक कमेटी की ओर से 3 लाख रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश भर की 96 टीमें भाग लेंगी।
प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर युवक मंडल बागा सराहन के अध्यक्ष राहुल ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने बताया कि झीरू क्रिकेट कप ओपन स्तर पर खेला जाएगा। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 3 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 1.50 लाख रुपये की नकद राशि दी जाएगी। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को 11 हजार रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 18 मार्च को लाइव ड्रॉ डाली जाएगी। इसके बाद मैचों की रूपरेखा तय की जाएगी।
इस मौके पर उपाध्यक्ष अक्षय ठाकुर, सचिव दीपक ठाकुर, संयुक्त सचिव अमन ठाकुर, कोषाध्यक्ष विपिन ठाकुर और प्रबंधक लकी ठाकुर ने बताया कि नशा छोड़ो, खेल खेलो के संदेश के साथ इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लें, अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।