घटना का वीडियो वायरल, संचालक बोला, कर रहे थे टेस्टिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। लूहरी के पास शनिवार को सतलुज नदी में राफ्ट पलट गई। गनीमत रही कि राफ्ट में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि राफ्टिंग टीम के गाइड की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद लोगों ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कुछ लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए, जबकि कई लोगों ने इसे साहसिक खेल का सामान्य हिस्सा बताया।
राफ्टिंग का संचालन करवा रहे रोहित ने बताया कि इस रूट पर वर्ष 2005 से राफ्टिंग नोटिफाइड है। यह गतिविधि पूरी तरह वैध है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिलहाल राफ्टिंग की टेस्टिंग की जा रही है। राफ्ट में प्रशिक्षित पायलट और गाइड मौजूद थे, जिन्होंने तुरंत स्थिति को संभाल लिया।
उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में राफ्टिंग संचालन के लिए बाकायदा कार्यालय भी खोला जाएगा, ताकि इस साहसिक खेल को व्यवस्थित तरीके से बढ़ावा दिया जा सके और स्थानीय स्तर पर पर्यटन को नई दिशा मिल सके।
पर्यटन विभाग शिमला के होटल निरीक्षक दलीप ठाकुर ने बताया कि राफ्टिंग जैसे साहसिक खेलों में सुरक्षा के पूरे प्रबंध किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि नदी के तेज बहाव और प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण कभी-कभी इस तरह की छोटी घटनाएं हो जाती हैं, जिन्हें इस खेल का सामान्य हिस्सा माना जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लूहरी के पास जिस रूट पर राफ्टिंग की जा रही है, वह पहले से नोटिफाइड है और गतिविधि पूरी तरह वैध है।