. प्रतियोगिता में 64 टीमें लेंगी भाग संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। रामपुर शहर के साथ सटी खरगा पंचायत में आउटर सिराज युवक मंडल कडेल खरगा की ओर से स्त्रो कप-2026 सीजन-1 का आयोजन किया जा रहा है। यह पंचायत स्तरीय क्रिकेट लीग प्रतियोगिता 26 मार्च से शुरू होगी। प्रतियोगिता को लेकर अध्यक्ष राज कश्यप की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने कहा कि क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख रुपये नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रतियोगिता में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट 2100 रुपये, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज और विकेटकीपर को 1100 रुपये इनामी राशि और सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक को 500 रुपये पुरस्कार दिए जाएंगे। क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों के लिए एंट्री फीस 4,400 रुपये निर्धारित की है। मैच 8 ओवर के खेले जाएंगे और प्रतियोगिता में अधिकतम 64 टीमें ही भाग ले सकेंगी। टीमों को 24 मार्च तक अपना पंजीकरण करवाना होगा। मैच मैट पर खेले जाएंगे।
वॉलीबाल और महिला रस्साकशी प्रतियोगिता भी होगी
वॉलीबाल प्रतियोगिता भी 26 मार्च से ही शुरू हो रही है। इसमें विजेता टीम को 18 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक इनामों से पुरस्कार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त महिला मंडल रस्साकशी प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी। भाग लेने के लिए टीमों के लिए एंट्री निशुल्क रखी गई है। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 3 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजक कमेटी के उपाध्यक्ष राकेश, सचिव बिट्टू राम और कोषाध्यक्ष दिलसुख ने सभी युवाओं से खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील की है और नशा मुक्त समाज निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।