पुलिस ने 83 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े थे पंजाब के तस्कर वित्तीय अन्वेषण के बाद दरकाली निवासी शुभम पर कार्रवाई संवाद न्यूज एजेंसी रोहड़ू। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पंजाब के तस्करों के साथ मिलकर सफेद नशा बेचने वाले चिड़गांव के तस्कर से लग्जरी कार समेत 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस संपत्ति में एक लग्जरी कार और नकद राशि शामिल है। आरोपी ने नशा तस्करी से अर्जित आय से यह संपत्ति हासिल की थी। यह कार्रवाई रोहड़ू पुलिस थाने में दर्ज एक मामले में वित्तीय अन्वेषण के बाद की गई। पुलिस ने 2 फरवरी को महेंदली पुल के पास पंजाब निवासी जश्नदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह को गिरफ्तार गया था। दोनों आरोपियों की टैक्सी से 83 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था। पुलिस ने टैक्सी को जब्त कर लिया। इस मामले में पहले से चिड़गांव के दरकाल निवासी आरोपी शुभम को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसकी पंजाब के पकड़े दोनों आरोपियों के साथ नशा तस्करी में संलिप्तता पाई गई थी। पूर्व में गिरफ्तार आरोपी शुभम दरकाल निवासी चिड़गांव ने नशा तस्करी से अर्जित अवैध आय से एक लग्जरी कार खरीदी थी। नशा तस्करी से अर्जित आय से लग्जरी कार समेत 17 लाख की संपत्ति पाई गई। पुलिस की ओर से इस मामले की जांच के दौरान बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज स्थापित करते हुए अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध चालान अदालत में प्रस्तुत किया जा चुका है।
अभी तक 4.29 करोड़ की अवैध संपत्तियां जब्त
इस वर्ष में जिला पुलिस शिमला ने वित्तीय अन्वेषण के आधार पर अभी तक 7 मामलों में 25 आरोपियों की कुल 4.29 करोड़ मूल्य की अवैध संपत्तियां जब्त की है, जो पूरे प्रदेश में इस वर्ष में किसी भी जिला पुलिस की ओर से की गई बड़ी कार्रवाई है। वर्ष 2024 और वर्ष 2025 में जिला शिमला में वित्तीय अन्वेषण के आधार पर अवैध संपत्तियों की जब्ती की कार्रवाई शून्य थी।
नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध केवल गिरफ्तारी ही नहीं की जाएगी, बल्कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर जब्त किया जाएगा, ताकि नशा तस्करी के आर्थिक तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। गौरव सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, शिमला