पंचायत समिति सभागार अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
विज्ञापन
आनी (कुल्लू)। विकास खंड आनी में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई को राजकीय महाविद्यालय आनी में की जाएगी। मतगणना को लेकर नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम पंचायत समिति सभागार आनी में सोमवार को संपन्न हुआ। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट ने मतगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित समय पर मतगणना केंद्र में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें और निर्वाचन अधिकारी की अनुमति के बिना केंद्र न छोड़ें। उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय हरिपुर स्थित मतगणना केंद्र में कुल 15 टेबल स्थापित किए गए हैं। सबसे पहले पंचायत समिति के 15 वार्डों की क्रमवार मतगणना होगी। इसके बाद जिला परिषद के बखनाओ और लझेरी वार्ड की मतगणना एक साथ करवाई जाएगी। पंचायत निरीक्षक जोगिंदर शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतगणना 31 मई को सुबह 9 बजे शुरू होगी, जबकि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सुबह 7 बजे तक अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। मीडिया के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था भी की जाएगी। बिना एंट्री पास के किसी भी अधिकारी, कर्मचारी, मीडियाकर्मी, उम्मीदवार, निर्वाचन अभिकर्ता और मतगणना अभिकर्ता को प्रवेश नहीं मिलेगा। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के बैलेट बॉक्स मतदान समाप्ति के तुरंत बाद कड़ी सुरक्षा के बीच सेक्टर अधिकारियों की ओर से राजकीय महाविद्यालय आनी पहुंचाए जाएंगे। यहां चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्ट्रांग रूम स्थापित किया गया है।
प्रथम चरण में 13 पंचायतों में होगा मतदान
आनी विकास खंड में पंचायत चुनावों के प्रथम चरण के तहत 26 मई को 13 पंचायतों में मतदान होगा। इनमें करशईगाड, टकरासी, मुहान, कराड़, मुंडदल, कराणा, खनाग, कोहिला, लफाली, दलाश, चवाई, कुठेड़ और तांदी पंचायतें शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संबंधित वार्डों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर होगा। मतदान संपन्न होने के बाद ग्राम पंचायत के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों की मतगणना पंचायत स्तर पर निर्धारित स्थलों पर की जाएगी।