प्रचार की तर्ज पर अब घर-घर पहुंचकर स्वच्छता का संदेश देंगे पार्षद
विज्ञापन
रामपुर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद करेगी नई पहल घर-घर पहुंचकर गीले, सूखे कचरे का प्रबंधन और शहर को स्वच्छ रखने की करेंगे अपील सुभाष सेन रामपुर बुशहर। नगर परिषद चुनाव में जिस तरह पार्षदों ने चुनावी घोषणा पत्र घर-घर जाकर बांटे थे, उसी तरह अब पार्षद लोगों के घरद्वार पहुंचकर स्वच्छता के पंपलेट बांटेंगे। पार्षद सभी वार्डों में घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद यह नई पहल शुरू करने जा रही है। अभियान के तहत लोगों को कचरा प्रबंधन और कचरा शुल्क संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। रामपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और कचरामुक्त बनाने के लिए नगर परिषद ने नई पहल शुरू करने की तैयारी की है। इस पहल के तहत शहर में कचरा प्रबंधन की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई है। मंगलवार को आयोजित नगर परिषद की बैठक में सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वार्डों में जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। साथ ही, लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सफाई व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जाएगी। योजना के तहत नगर परिषद के नौ वार्डों में पार्षद घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक करेंगे। लोगों को सफाई व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े पंपलेट भी बांटे जाएंगे। इस दौरान लोगों को गीले और सूखे कचरे के उचित प्रबंधन के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। हाल ही में नगर परिषद ने गीला और सूखा कचरा एकत्रित करने के लिए अलग-अलग दिन निर्धारित किए हैं। डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण योजना के तहत तीन दिन गीला कचरा और दो दिन सूखा कचरा एकत्रित किया जा रहा है लेकिन कई वार्डों में अभी भी कचरा प्रबंधन की समस्या बनी हुई है। लोग कचरा एकत्र करने वाले कर्मियों को कचरा नहीं देते और खुले में ही कचरा फेंक रहे हैं। ऐसे में अब वार्डों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए लोगों को कचरा प्रबंधन के प्रति व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाएगा। साथ ही, लोगों से सफाई अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया जाएगा। वर्तमान में शहर के लोगों से हर माह 80 रुपये कचरा शुल्क वसूला जा रहा है। शहर के सभी वार्डों में सफाई कर्मी घरों से कचरा एकत्रित कर प्रबंधन के लिए खोपड़ी पुल के पास ले जाते हैं।
शहर के सभी वार्डों में लोगों को कचरा प्रबंधन और शहर को स्वच्छ बनाने के प्रति जागरूक किया जाएगा। सभी वार्डों में घरद्वार पहुंचकर लोगों को पंपलेट बांटकर सहयोग की अपील की जाएगी। - करण शर्मा, अध्यक्ष, नगर परिषद रामपुर