खाली सीटों पर 30 तक विद्यार्थी कर सकते है आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर में स्नातकोत्तर की खाली सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है। इच्छुक विद्यार्थी खाली सीटों पर 27 अगस्त से 30 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अंग्रेजी में 16, अर्थशास्त्र में 34, हिंदी में 4, समाजशास्त्र में 3, गणित में 4, इतिहास में 12, रसायन विज्ञान में 11, वाणिज्य स्नातकोत्तर (एमकॉम) में 16 और पीजीडीसीए में 30 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया होगी। इच्छुक विद्यार्थी कॉलेज की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेरिट सूची 31 अगस्त को महाविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। कॉलेज प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने कहा कि मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों की 1 सितंबर से 3 सितंबर तक व्यक्तिगत काउंसलिंग आयोजित होगी। काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों का स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। उन्होंने इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया।