. दो दिन में जलोड़ी जोत तक सड़क बहाली की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुए एनएच-305 पर ढाई महीने बाद आनी से खनाग तक हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवा शुरू हो गई है। बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद हजारों ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। इस एनएच पर जगह-जगह भूस्खलन, सड़क धंसने और नालों के उफान के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। एनएच-305 के कई हिस्सों में मलबा आ गया था, वहीं सड़क भी कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण इस मार्ग को बहाल करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को लंबा समय लगा। हालांकि, एनएचएआई ने मशीनरी लगाकर सड़क को बहाल करने के प्रयास जारी रखे। ऐसे में अब आनी से खनाग तक बसें शुरू हो गई हैं। आनी क्षेत्र के लोगों के लिए यह राहत की खबर है। लंबे समय से यात्रियों को निजी वाहनों और टैक्सियों के सहारे यात्रा करनी पड़ रही थी। अब बस सेवा शुरू होने से न केवल आम जनता को सुविधा मिलेगी, बल्कि छात्रों, कर्मचारियों और व्यापारियों को भी राहत मिलेगी। हालांकि, जलोड़ी जोत से आगे बंजार सब डिवीजन की ओर सड़क की हालत अभी भी खराब है। छोटे वाहन किसी तरह गुजर रहे हैं, लेकिन जगह-जगह सड़क धंसने और मलबा गिरने से बड़े वाहनों की आवाजाही असंभव है। प्राधिकरण को इस खंड को पूरी तरह से बहाल करने में अभी समय लग सकता है।
माशनु नाला के पास सड़क दुरुस्त नहीं
एचआरटीसी अड्डा प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि माशनु नाला के पास सड़क का एक हिस्सा अभी पूरी तरह दुरुस्त नहीं हुआ है। जैसे ही यह प्वाइंट बहाल होता है। बस सेवा जलोड़ी जोत तक शुरू कर दी जाएगी।
जलोड़ी जोत तक जल्द होगी सड़क बहाल
एनएचएआई के सहायक अभियंता आरएम शर्मा ने कहा कि सड़क को बहाल करने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। विभाग की प्राथमिकता जलोड़ी जोत तक सड़क को पूर्ण रूप से बहाल करने की है ताकि आनी से कुल्लू मुख्यालय तक आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिल सके।