रामपुर/रिकांगपिओ/(किन्नौर)। शुक्रवार देर रात किन्नौर जिले में एक 29 साल के युवक की क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में कोरोना से मौत हो गई है। जिले में कोरोना से मौतों की संख्या अब चार हो गई है। 29 साल का युवक निवासी लियो का 9 अक्तूबर को कोविड सैंपल लिया गया था। रिपोर्ट आने पर युवक पॉजिटिव निकला। युवक को सांस लेने में परेशानी होने पर उसकी स्वास्थ्य जांच की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि मृतक का कोविड -19 के प्रोटोकॉल के तहत शनिवार दोपहर बाद परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में जिला प्रशासन की देखरेख में पोवारी में अंत्येष्टि संपूर्ण प्रशासनिक निगरानी में सरकारी दिशा-निर्देश के तहत की गई।
क्षेत्रीय अस्पताल के ओपीडी वार्ड सहित एक्सरे और प्रयोगशाला को 48 घंटों के लिए सैनिटाइज करने के बाद सील कर दिया गया है। अब ओपीडी एक्सरे और प्रयोगशाला सोमवार को खोले जाएंगे। गत दिवस जिले में कोविड-19 के 9 सैंपल लिए गए, जिनमें आठ की रिपोर्ट निगेटिव आई और एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसे रिपोर्ट आने के बाद दाखिल कर दिया गया था। लेकिन शुक्रवार देर रात उसकी मौत हो गई।
डॉक्टर डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि जिले में अब तक कोविड -19 के 7303 सैंपल लिए गए हैं इनमें से 7095 की रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि, 208 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 185 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में कोविड-19 के 20 मामले सक्रिय हैं और चार व्यक्तियों की कोविड-19 के चलते मौत हो चुकी है। जिले में कोविड से स्वस्थ होने वालों का रिकवरी रेट 89.37 प्रतिशत है जबकि टेस्टिंग दर 1000 जनसंख्या पर 81.14 है। जिला वासियों से आग्रह किया है कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए तीन बातों पर विशेष ध्यान दें। घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनें। दो गज की सामाजिक दूरी अवश्य बनाए रखें और बार-बार साबुन से हाथ धोते रहें। इन छोटी-छोटी सावधानियों के अपनाने से हम संक्रमण से बच सकते हैं।
वहीं, रामपुर में भी कोरोना पॉजिटिव के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शनिवार को भी रामपुर खनेरी अस्पताल में तीन कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आए हैं। इनमें एक डकोलढ़, दूसरा खनेरी और तीसरा निरमंड खंड से है। यह जानकारी एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने दी।