सांगला (किन्नौर)। जिले के पूनंग गांव में कोरोना संक्रमण के सात नए मामले सामने आए हैं। कोरोना के मामले लगातार बढ़ने से प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। बताया जा रहा है कि निचार खंड के पूनंग निवासी एक पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति के प्राथमिक संपर्क में आने से ही गांव के सात लोग संक्रमित हो गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन लोगों के सैंपल 14 सितंबर को लिए थे और 15 सितंबर को सात लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। जबकि, 13 लोगों की रिपोर्ट प्रोसेस में है। सीएमओ किन्नौर डॉ. सोनम नेगी ने जिले के लोगों से वैश्विक महामारी कोविड से निपटने के लिए स्वयं को जागरूक और सजग रहने की बात कही है। नेगी ने कहा कि लोग अपनी नैतिक जिम्मेदारी को समझें। उन्होंने जिले के सभी लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर न जाएं। अति आवश्यक कार्य पर ही बाहर जाएं और मास्क लगाना न भूलें। हाथों को बार-बार धोएं, तभी इस बीमारी से हम जीत सकते हैं। नेगी ने कहा कि पूनंग गांव में जो सात नए मामले आए हैं, ये सभी लोग पूनंग गांव में ही रहते थे। इनकी कोई भी ट्रेवल हिस्ट्री नही है।