ठेकेदारों ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
पहले टेंडर आवंटित होने वाले ठेकेदार का बनाया जाएगा बिल : नेगी
नगर परिषद ने ठेकेदारों से लिखित में किए कार्यों का मांगा ब्योरा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर में कार्य कर रहे ठेकेदारों ने कार्यकारी अधिकारी को समय पर बिल न बनने को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि लंबे समय से ठेकेदारों की ओर से किए कार्यों के बिल नहीं बन रहे हैं। इससे वे समस्याएं झेल रहे हैं।
कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने निर्देश जारी किए कि जिस भी ठेकेदार का टेंडर पहले लगा है और उसका कार्य समय पर पूरा हो गया है, उसका बिल सबसे पहले बनाया जाए। उन्होंने काम पूरा करने वाले ठेकेदारों का ब्योरा भी मांगा। उन्होंने कहा कि जो भी ठेकेदार काम पूरा कर लेता है, वह लिखित में पत्र नप कार्यालय में जमा करे। इससे उसके कार्यों की समय रहते जांच कर बिल बनाने की प्रक्रिया को पूरा किया जाए। उन्होने चेताया कि जो भी ठेकेदार समय में काम शुरू नहीं करता है, उसका काम दूसरे ठेकेदार काे दिया जाएगा।
ठेकेदार यूनियन के सचिव संजय मेहता ने कहा कि कहा कि समय पर बिल न बनने से ठेकेदारों को पेमेंट के लिए भटकना पड़ रहा है। ठेकेदारों की लाखों की देनदारी बिल न निकलने के कारण फंसी हुई है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद ने आश्वस्त किया है कि बिल जल्द बनाए जाएंगे।
नगर परिषद रामपुर के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी का कहना है कि जिस भी ठेकेदार को पहले टेंडर आवंटित हुआ है, उसका बिल पहले बनाया जाएगा। जो ठेकेदार काम नहीं कर रहे हैं, उनसे काम वापस लेकर दूसरे ठेकेदार को दिया जाएगा।