अस्पताल के पुराने भवन को तोड़कर स्थापित किया जा रहा ब्लॉक
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। रोहड़ू में क्रिटिकल केयर ब्लाॅक के निर्माण का काम शुरू हो गया है। इसके चलते शुक्रवार को सिविल अस्पताल रोहड़ू में एक्सरे और सीटी स्कैन की सेवाएं प्रभावित हुईं। एक्सरे और सीटी स्कैन सेवाएं बंद होने से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, अस्पताल प्रशासन दोनों सेवाओं को 15 दिनों के अंदर फिर से शुरू करने का प्रयास कर रहा है। सिविल अस्पताल रोहड़ू में आधुनिक सुविधाओं से लैस क्रिटिकल केयर ब्लाॅक का निर्माण किया जा रहा है। अस्पताल के पुराने भवन को तोड़कर वहां क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित जा रहा है। अभी तक पुराने भवन में ही एक्सरे और सीटी स्कैन की सेवाएं चल रही थीं, जिसे अब पुराने भवन से हटाना पड़ा है। क्रिटिकल केयर ब्लाॅक केंद्र सरकार की पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत 25 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। इसमें 19.59 करोड़ रुपये की राशि ब्लाॅक के कंस्ट्रक्शन पर खर्च की जाएगी। 5.41 करोड़ रुपये क्रिटिकल केयर ब्लाॅक में स्थापित होने वाली मशीनरी और उपकरणों पर खर्च होंगे। ब्लाॅक में 50 बेड की व्यवस्था होगी। भवन के ब्लाॅक की पहली मंजिल में आधुनिक लैब बनेगी। ऊपरी मंजिलों में आईसीयू वार्ड, आईसोलेशन वार्ड. दो लेबर रूम और ऑपरेशन थियेटर बनेंगे। एक्सरे, अल्ट्रासांउड और सीटी स्कैन की सुविधा भी इसी ब्लाॅक में होगी। क्रिटिकल केयर ब्लाॅक के निर्माण कार्य में समय लगेगा। ऐसे में अब अस्पताल प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे है कि 15 दिनों के भीतर एक्सरे और सीटी स्कैन सेवाओं को बहाल किया जा सके।
क्रिटिकल केयर ब्लाॅक निर्माण के लिए पुराने भवन को तोड़ा जा रहा है। इसके चलते पुराने भवन से एक्सरे और सीटी स्कैन मशीनों को हटाया गया है। 15 दिनों में दोनों सेवाओं को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
डाॅ. रविंद्र मुखिया,
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, सिविल अस्पताल रोहड़ू