मौलाधार-चोवाई और डीडी-कोठी सड़क का काम शुरू न होने पर ग्रामीणों ने जताया रोष
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी आनी (कुल्लू)। आनी क्षेत्र के अंतर्गत नैनाबती-कराड सड़क का निर्माण कार्य एक साल से लटका हुआ है। इससे ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। वहीं, लोक निर्माण विभाग ने संबंधित ठेकेदार को अंतिम नोटिस जारी किया है। ठेकेदार ने एक सप्ताह के भीतर काम शुरू करने की बात कही है। भाजपा हिमाचल प्रदेश के आईटी सह संयोजक एवं पोखरी पंचायत के उपप्रधान आशीष शर्मा ने सड़क की खस्ताहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य पूरा करवाने की मांग की है। आशीष शर्मा ने कहा कि नैनाबती-कराड सड़क पर चिमनी कैंची से मौलाधार तक सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू होना स्वागत योग्य है, लेकिन मौलाधार से जीरो पॉइंट चोवाई तथा डीडी से कोठी तक सड़क को पक्का करने के लिए टेंडर होने के बावजूद पिछले एक साल से काम शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की आठ से नौ पंचायतों के लोगों के लिए कुल्लू आने-जाने का प्रमुख मार्ग है। सड़क पर यातायात का दबाव अधिक रहता है, लेकिन मौलाधार से डीडी तक सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए सफर जोखिम भरा बन गया है। वाहनों के पंचर होने और खराब होने की समस्या भी आम हो गई है। आशीष शर्मा ने विभाग से जल्द निर्माण कार्य पूरा करवाने और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों को विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने सिनवी-मुहान और मुहान-मरेछ सड़क का कार्य भी शीघ्र शुरू करवाने का आग्रह किया।
नैनाबती-कराड सड़क के लंबित कार्य को शुरू करवाने के लिए संबंधित ठेकेदार को विभाग की ओर से अंतिम नोटिस जारी किया गया है। ठेकेदार ने एक सप्ताह के भीतर काम शुरू करने की बात कही है। वहीं, मुहान-मरेछ सड़क का निर्माण कार्य 20 अक्तूबर के बाद शुरू किया जाएगा। - मनीष कुमार, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग