संवाद न्यूज एजेंसी भावानगर (किन्नौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटगांव में छात्राओं की जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। समापन समारोह में राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन समस्याएं एवं शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में देवी चंडिका स्कूल कोठी को गवर्नर ट्रॉफी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कटगांव को ओवरऑल विजेता का खिताब दिया गया और निगुलसरी ने अनुशासन में प्रथम स्थान हासिल किया। छात्रों को संबोधित करते हुए मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि एक विद्यार्थी का समग्र विकास तभी सुनिश्चित हो सकता है, जब वह तन और मन से स्वस्थ रहे। इसके लिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल से जोड़ने की अत्यंत आवश्यकता है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार, सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को खेलों से जोड़ रही है और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रोत्साहन प्रदान कर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने के लिए प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। इसके अलावा प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को भी खेलकूद से जुड़ने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। इसके अतिरिक्त प्री नर्सरी शिक्षकों के 6,000 पदों को शीघ्र भरने का आश्वासन भी दिया।
इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
वॉलीबाल प्रतियोगिता में राजकीय वरिश्ठ बरी ने प्रथम, तांगलिंग स्कूल ने द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल छितकुल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में काफनू स्कूल ने प्रथम और पानवी स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बास्केटबाल प्रतियोगिता में छोलतु स्कूल ने प्रथम, कटगांव स्कूल ने द्वितीय और बारंग स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खो-खो प्रतियोगिता में कगोंस ने प्रथम, मुरंग स्कूल ने द्वितीय और सुगंरा स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि लोक नृत्य प्रतियोगिता में कटगांव ने प्रथम और पांगी स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। राजस्व मंत्री ने जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता रही छात्राओं को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया।
सरकारी और निजी विद्यालयों की 546 छात्राओं ने लिया भाग
इस अवसर पर प्रधानाचार्य शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान किन्नौर व कार्यवाहक उप-निदेशक प्रारंभिक शिक्षा किन्नौर कुलदीप नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस खेलकूद प्रतियोगिता में जिले के 48 सरकारी और निजी विद्यालयों की कुल 546 छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, उपाध्यक्ष पंचायत समिति निचार हरीश नेगी, जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, पंचायत प्रधान कटगांव शकुंतला बिष्ट, किंन्फेड के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, जिला कांग्रेस समिति अध्यक्ष उमेश नेगी, प्रधानाचार्य कटगांव स्कूल ममता बिष्ट, एसडीपीओ भावानगर राजकुमार, एसएमसी प्रधान स्नेह प्रभा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।