मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मेले के समापन समारोह में दी सौगात
कलाकारों ने प्रस्तुत की नाटी और गिद्दा
ननखड़ी में बहुमंजिला शॉपिंग कांप्लेक्स और बस अड्डे का होगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने की। इस दौरान 53.96 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।
मुख्यमंत्री ने 3.27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत धरगौरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, 1.78 करोड़ रुपये की लागत से जल शक्ति उपमंडल रामपुर के तहत विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं के सुदृढ़ीकरण कार्यों, 74.38 लाख रुपये की लागत से तहसील ननखड़ी में प्रवाह सिंचाई योजना फौला लधिधार के सुधार कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने 89 लाख रुपये की लागत से निर्मित सहायक अभियंता कार्यालय एवं आवास लोक निर्माण सराहन का उद्घाटन भी किया। नाबार्ड के अंतर्गत 25.76 करोड़ रुपये से ज्यूरी से सरांहन सड़क के उन्नयन कार्य, 2.77 करोड़ रुपये की लागत से आईटीबीपी कॉलोनी नोगली के लिए उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना के कार्य, 4.57 करोड़ रुपये की लागत से मुनिश बाहली और दरकाली पंचायतों के पेयजल आपूर्ति योजनाओं के सुदृढ़ीकरण कार्य, ग्राम पंचायत कलेड़ा मझेवटी पंचायत में बेलूपुल से मझेवटी के लिए 1.19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली प्रवाह सिंचाई योजना, नगर परिषद रामपुर में छूटे हुए घरों के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सीवरेज प्रणाली के कार्य और 9.96 करोड़ रुपये की लागत से ननखड़ी में निर्मित होने वाले बहुमंजिला शॉपिंग कांप्लेक्स और बस अड्डे का शिलान्यास किया। इसके बाद उपायुक्त एवं लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया और मेले के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान रामपुर कन्या स्कूल की छात्रा ने रामपुर नाटी, ठियोग के कलाकारों ने नाटी और हमीरपुर की लड़कियों ने हमीरपुरी गिद्धा प्रस्तुत किया।
इनसेट
यह रहे मौजूद
समापन समारोह में पूर्व विधायक किशोरी लाल, हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, एपीएमसी शिमला के अध्यक्ष देवानंद वर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, नगर परिषद रामपुर की अध्यक्षा मुस्कान आदि उपस्थित रहे।
इनसेट
विधायक ने ननखड़ी के लिए मांगा सिविल अस्पताल
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री से ननखड़ी के लिए सिविल अस्पताल की मांग की। उन्होंने आपदा में घरबार गवाने वाले प्रभावितों के लिए भूमि देने की मांग भी उठाई। नंद लान ने कहा कि लवी मेले का सदियों पुराना इतिहास रहा है और यह व्यापार पर केंद्रित है। समय के साथ इसका स्वरूप विकसित हुआ है और इसमें नए आयाम जुड़े हैं। वर्तमान में यहां लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए चार दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों को 2023, 2024 और 2025 में विशेष राहत पैकेज प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया।