रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में सोमवार को स्वच्छ हिमाचल अभियान के तहत उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह स्वच्छता रैली रामलीला ग्राउंड से मुख्य बाजार रिकांगपिओ होते हुए पंजाब नेश्नल बैंक से होकर वापस रामलीला ग्राउंड पहुंची।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिले में स्वच्छ हिमाचल अभियान के तहत स्वच्छ किन्नौर अभियान आरंभ किया गया है। अभियान में पंचायतीराज संस्थाओं, स्कूली बच्चों, गैर सरकारी संस्थाओं, सरकारी कर्मचारियों सहित जिले के सभी नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित बनाई जा रही है। छह दिन तक चलने वाले इस अभियान के तहत हर रोज स्वच्छता से संबंधित अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पंचायत और ग्राम स्तर तक गतिविधियों का चार्ट बनाया गया है।
इसके अनुरूप समूचे जिले में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। एसडीएम कल्पा स्वाति डोगरा ने बताया कि रिकांगपिओ बाजार में लोगों को जागरूक करने के लिए स्वच्छता रैली का आयोजना किया गया। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांगपिओ कोठी के विद्यार्थियों सहित निरंकारी मिशन रिकांगपिओ, महिला मंडल दूनी, नेहरू युवा केंद्र किन्नौर के वॉलंटियर्स ने भाग लिया।
स्वच्छता रैली के दौरान स्कूली विद्यार्थियों, स्वयंसेवी समूहों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और निरंकारी मिशन के सदस्यों ने नारों से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। जिले की ग्राम पंचायत जंगी, निचार, मूरंग, लाबरंग, किल्बा, सांगला, सब तहसील कार्यालय हंगरंग, सूंघरा, ग्राम पंचायत निचार, भावानगर बाजार, पूह ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर-2 कामरू, छितकुल, उरनी, रिस्पा, नाथपा में भी महिला मंडलों सहित स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया।
इस दौरान उन्होंने सड़कों, नालियों, रास्तों और गलियों की सफाई के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों से उगे भांग के पौधे उखाड़े गए। रिकांगपिओ में आयोजित स्वच्छता रैली में उपनिदेशक और परियोजना अधिकारी जयवंती ठाकुर, जिला युवा सेवा, खेल अधिकारी सविंद्र कायथ सहित अन्य मौजूद रहे।