संवाद न्यू ज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर विधानसभा में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। बात चाहे सिविल अस्पताल की हो या फिर पीएचसी, सीएचसी की, सब जगह एक जैसे हालात हैं। यह बात पूर्व हिमफैड अध्यक्ष एवं भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने रामपुर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल में ट्राॅमा सेंटर का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने आनन-फानन में चुनाव में लाभ लेने क़े उद्देश्य से छह महीने पहले कर दिया, लेकिन आज तक वहां पर लिफ्ट और बिजली की सुविधा नहीं है। इसका अभी तक लोगों को लाभ नहीं मिल पाया है। चार जिलों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने वाले खनेरी अस्पताल में हिमकेयर और आयुष्मान कार्ड भी नहीं चल रहे हैं। मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। रेडियोलॉजिस्ट का पद पिछले पांच महीने से खाली पड़ा है। सबसे अहम एमएस का पद भी रिक्त चल रहा है, 14 स्टॉफ नर्सों की कमी है। इस कारण अन्य स्टॉफ पर अधिक काम का प्रेशर बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डेंगू के टेस्ट नहीं हो रहे हैं। डेंगू टेस्ट किट उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और लोग निजी अस्पतालों में जाकर अधिक पैसे खर्च करने को मजबूर है।
इसके अलावा क्षेत्र में रामपुर ब्लॉक में कुल 9 पीएचसी हैं। इसमें से 6 पूरी तरह खाली हैं। इन पीएचसी में डॉक्टर नहीं हैं। वहीं, बहाली, देवठी, लालसा, गोपालपुर समेण और ज्यूरी में तीन सीएचसी है, जिसमे तकलेच में भी कोई डॉक्टर नहीं है। स्थानीय विधायक को भी आड़े हाथों लिया और कहा विधायक के गृह क्षेत्र देवठी पीएचसी में एक भी डॉक्टर नहीं है, यहां स्वास्थ्य सुविधा पूरी तरह से बंद हैं। इससे लोग काफी परेशान हैं, बाकि और जगह की तो क्या ही बात करें। यहीं से इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का क्या हाल है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए और अस्पतालों में रिक्त पड़े इन पदों को सरकार शीघ्र भरे। उन्होंने सरकार को चेताया की यदि खनेरी अस्पताल सहित अन्य पीएचसी और सीएचसी में खाली इन पदों को नहीं भरा जाता है, तो जनता के साथ सड़कों पर उतरकर सरकार के विरुद्ध आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा मंडल रामपुर अध्यक्ष कुलबीर खूंद, प्रदेश किसान मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य राममूर्ति चौहान, किसान मोर्चा मंडी अध्यक्ष रामपुर राजेंद्र ठाकुर और मीडिया प्रभारी सौरभ गौतम मौजूद रहे।