बस सेवा ठप होने से चार पंचायतों के ग्रामीण झेल रहे परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
रामपुर शहर के साथ सटी चार पंचायतों के ग्रामीण सात महीने से आवाजाही करने में परेशानी झेल रहे हैं। क्षेत्र की चाटी-तुनन सड़क बरसात के दौरान आई आपदा के कारण कई जगह क्षतिग्रस्त है। इस कारण बड़े वाहनों की आवाजाही ठप है। इससे हजारों लोग, स्कूली बच्चे और किसान-बागवान आवाजाही करने में परेशानी झेल रहे हैं। क्षेत्र की जन कल्याण समिति ने लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क बहाल करने की मांग उठाई है। जन कल्याण समिति 15/20 का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता से मिला। समिति ने कहा कि बीते वर्ष आई प्राकृतिक आपदा और भारी बारिश के कारण 17 किलोमीटर लंबी चाटी-तुनन सड़क कई स्थानों पर बाधित हो गई थी। सड़क पर लगे डंगे ढह गए हैं। इस कारण बड़े वाहनों की आवाजाही ठप है। खासकर, परिवहन निगम की बस सेवाओं से ग्रामीण वंचित हैं।
इस सड़क से जगातखाना, तुनन, पोशना और बाड़ी पंचायत के ग्रामीण लाभान्वित होते हैं। क्षेत्र के लोगों की आर्थिकी का मुख्य जरिया किसानी, बागवानी और दूध उत्पादन है। सड़क के बाधित होने से किसानों को सब्जियां, दूध और अन्य उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। समिति ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इस सड़क पर सुरक्षा के उचित प्रबंध नहीं हो पाए हैं। सड़क पर सांभरी ढांक, डीमड़ीधार, चहड़ू नाला, पिप्टी सेरी और कशैल कैंची में सुरक्षा के लिए क्रेश बैरियर लगने चाहिए। समिति ने कार्य में जुटे ठेकेदार से जल्द कार्य को पूरा करने का आह्वान किया। समिति के प्रधान चंदे राम, उप प्रधान तुलसू राम, सह सचिव किरत राम, यज्ञा राम, परसराम, अश्वनी कुमार, मानदास, बहादुर सिंह, दयाराम, सुरजीत कुमार, श्याम दास सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग से चार पंचायतों के ग्रामीणों को जल्द राहत देने की मांग उठाई है।
समिति को आश्वासन दिया है कि 31 मार्च तक चाटी-तुनन सड़क को बड़े वाहनों के लिए बहाल कर दिया जाएगा। इस संबंध में कार्य कर रहे ठेकेदार को भी उचित दिशा निर्देश दिए जाएंगे। -
चंद्र कश्मीरी, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग ब्रौ