कोटखाई विकास खंड में 27 पंचायतों के लिए मात्र 13 पंचायत सचिव
विज्ञापन
अतिरिक्त कार्यभार से विकास कार्य हो रहे प्रभावित संवाद न्यूज एजेंसी कोटखाई (रोहड़ू)। विकास खंड कोटखाई के अंतर्गत पंचायतों में विकास कार्यों के संचालन और आम जनता को समय पर सेवाएं उपलब्ध करवाने में कर्मचारियों की कमी चुनौती बन रही है। विकास खंड की 27 पंचायतों का जिम्मा संभालने के लिए मात्र 13 पंचायत सचिव उपलब्ध हैं। ऐसे में एक सचिव को दो से तीन पंचायतों का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है, जिससे पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की गति प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। पंचायत सचिवों पर एक से अधिक पंचायतों की जिम्मेदारी होने के कारण अलग-अलग पंचायतों में सरकारी कार्यों का निपटारा करना पड़ता है। इससे विकास कार्यों की निगरानी, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पंचायतों से जुड़े जरूरी कार्यों को समय पर पूरा करने में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं, विभिन्न कार्यों के लिए पंचायत कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को भी सचिव की अनुपलब्धता के चलते परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सचिव की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जन्म-मृत्यु पंजीकरण, विभिन्न प्रमाणपत्रों से संबंधित प्रक्रियाओं, पंचायत के रिकॉर्ड और विकास योजनाओं से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को पंचायत कार्यालयों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में जब एक ही सचिव को कई पंचायतों का कार्यभार संभालना पड़े, तो आम लोगों को अपने जरूरी काम करवाने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
स्टाफ की कमी के कारण एक पंचायत सचिव को दो से तीन पंचायतों का कार्यभार सौंपा गया है। कर्मचारियों की कमी के चलते विभाग को उपलब्ध स्टाफ के माध्यम से ही पंचायतों का कामकाज संचालित करना पड़ रहा है। जब 27 पंचायतों के लिए केवल 13 सचिव उपलब्ध हैं, तो पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने और आम जनता को समय पर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की चुनौती का समाधान कैसे होगा। ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं देने के लिए पंचायत स्तर पर पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता जरूरी है। - स्पर्श शर्मा, खंड विकास अधिकारी कोटखाई