भावानगर(किन्नौर)। जनजातीय जिले की निचार तहसील के बरी गांव में ढेलू राम (60) पुत्र मुरथु राम, निवासी गांव बरी का शव गांव के पास डोगरी में मिला था। आईजीएमसी शिमला में पोस्टमार्टम के दौरान मौत का कारण गला घोंटना पाया गया है, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गौर हो कि 14 जुलाई को बरी गांव के पास स्थित सेब के बगीचे में 60 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस थाना भावानगर की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने संदेह होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा। बीते रोज आईजीएमसी से पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें डॉक्टरों ने मौत गला दबाने से दम घुटने के कारण बताई है। इसके बाद सोमवार देर रात पुलिस थाना भावानगर में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। भावानगर पुलिस चार संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। एसपी किन्नौर एसआर राणा ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।