रामपुर में आईपीएल की तर्ज पर हो रही क्रिकेट प्रतियोगिता
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर बुशहर के पाटबंगला मैदान में आईपीएल की तर्ज पर 7 अक्तूबर से बुशहर प्रीमियर लीग (बीपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू होने जा रही है। इसके लिए बुशहर स्वास्तिक चेरिटेबल सोसायटी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह क्रिकेट प्रतियोगिता लेदर बाल फॉर्मेट पर खेली जाएगी। इसमें प्रदेशभर के खिलाड़ी भाग लेंगे। बुशहर स्वास्तिक चेरिटेबल सोसायटी रामपुर की ओर से बुशहर प्रीमियर लीग फ्रेंचाइजी आधारित टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए फ्रेंचाइजी के माध्यम से खिलाड़ियों की नीलामी की गई है। इन दिनों खिलाड़ी मैदान में खूब पसीना बहा रहे हैं। पाटबंगला और दत्तनगर मैदान में नेट प्रैक्टिस में खिलाड़ी जुटे हुए हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम के लिए पांच लाख रुपये का पुरस्कार रखा गया है। फ्रेंचाइजी ऑनर भी अपने खिलाड़ियों को अभ्यास करवा रहे हैं। सोसायटी के अध्यक्ष पवन चौहान का कहना है कि बीपीएल की विजेता टीम को पांच लाख रुपये नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। उपविजेता टीम को तीन लाख रुपये की राशि से पुरस्कृत करेंगे। पहली बार लीग आधारित तकनीक पर प्रतियोगिता करवाई जा रही है। प्रतियोगिता में आठ टीमों के दो पूल बनाए गए हैं। प्रत्येक टीम चार-चार मुकाबले खेलेगी। प्रतियोगिता में कुल 19 मैच खेले जाएंगे। पिच और मैदान भी पूरी तरह से तैयार किया गया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में खेल को बढ़ावा देना है, युवाओं को जोड़ना है और नशा मुक्त समाज निर्माण करना है।