मंंत्री ने 15 अगस्त तक बाईपास को शुरू करने के दिए थे निर्देश, अब सितंबर माह में जनता के होगा सुपुर्द
अजय ठाकुर
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ऊपरी शिमला के मुख्यद्वार ठियोग में दशकों पुरानी मांग अब जल्द पूरी होगी। ऊपरी शिमला, किन्नौर और कुल्लू जिले के हजारों लोगों को जल्द ही बाईपास का लाभ मिलना शुरू होगा।
बाईपास में आखिरी बॉक्स कलवट का काम पूरा हो चुका है। हालांकि कुछ जगहों पर ब्रेस्ट वाल लगनी बाकी है। बाईपास शुरू करने का अब समय आ गया है। एसडीएम ठियोग मुकेश शर्मा ने बताया कि हर समय बाईपास पर प्रशासन की नजर है। दो दिन पहले जिला उपायुक्त ने बाईपास ठियोग का औचक दौरा किया था। हालांकि मौसम ठीक न होने के कारण बाईपास को फिलहाल बिना टारिंग के ही शुरू किया जाएगा। आने वाले दिनों में टारिंग और नालियों के अलावा बचे हुए काम किए जाएंगे।
स्टोक्स ने दी थी बाईपास की सौगात
पूर्व बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बाईपास निर्माण को लेकर नींव रखी थी। इसके बाद भाजपा सरकार आई। अब फिर से कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद बाईपास का काम अंतिम चरण में है। सितंबर के शुरुआती दिनों में बाईपास को जनता के सुपुर्द किया जा सकता है। ठियोग बाईपास को 15 अगस्त से शुरू करने के लिए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मौके पर आकर एनएच के अधिकारियों को निर्देश दिए थे, लेकिन मौसम की खराबी के कारण अब सितंबर में जनता के लिए बाईपास खोल दिया जाएगा।
व्यापार मंडल के महासचिव गौरव जोशी ने बताया कि बाईपास के बनने से क्षेत्र की जनता को राहत मिलेगी। ठियोग ही नहीं बल्कि जिला किन्नौर, कुल्लू और रोहडू क्षेत्र के हजारों लोगों को जाम से निजात मिलेगी।
नगर परिषद अध्यक्ष विवेक थापर ने बताया कि एनएच पांच पर बैली ब्रिज के पास भी सड़क धंस रही है। ऐसे में ठियोग की ओर से जाने वाले वाहनों को बाईपास से और शिमला की ओर से आने वाले वाहनों को एनएच पांच से होकर चलाया जाना चाहिए। इससे बैली ब्रिज पर ज्यादा जोर नहीं पड़ेगा। - संवाद