293 लोगों ने उठाया निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत कोटखाई की ओर से स्वर्गीय रमन प्रिमटा की स्मृति में निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कुल 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जबकि विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाओं के माध्यम से 293 लोग लाभान्वित हुए।
शिविर में लोगों के स्वास्थ्य की जांच के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। इनमें 94 लोगों के रक्तचाप (बीपी) और शुगर की जांच की गई, जबकि 70 लोगों की आंखों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त 69 लोगों का एक्सरे किया गया। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य स्वर्गीय रमन प्रिमटा की स्मृति को समाजसेवा के कार्यों के माध्यम से जीवंत रखना और उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करना था। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के संगठन मंत्री एवं सचिव नीरज शर्मा ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।