रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले में भारत सरकार और प्रदेश सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत बुधवार से सभी बार खुल जाएंगे। प्रदेश सरकार के 29 अगस्त को जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक बार में काम करने वाले कामगारों को कार्य करते समय उचित दूरी का पालन सुनिश्चित बनाना होगा। यह जानकारी सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी किन्नौर सुरेंद्र ठाकुर ने बार एसोसिएशन के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि लाइसेंस धारकों को शराब बेचते समय मास्क पहनना अनिवार्य होगा। बार पूर्व निर्धारित समय के मुताबिक ही खुले रहेंगे। बार में एक टेबल के अंतराल पर बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। बार मालिक को बार के प्रवेश द्वार एवं अन्य मुख्य स्थानों पर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सैनिटाइजर उपलब्ध करवाना होगा। दरवाजे, हैंडल और काउंटर को समय-समय पर सैनिटाइज करना होगा। इस दौरान बार में काम करने वाले कर्मचारियों को मास्क और ग्लब्ज पहनने होंगे। केवल परिवार या समूह के सदस्य ही एक साथ एक टेबल पर बैठ सकेंगे। सभी बर्तनों को इफेक्टिव शॉप सोल्यूशन के साथ गर्म पानी से धोना होगा। बार के मुख्य प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग सुनिश्चित बनानी होगी। बार में कार्य करने वाले कर्मचारियों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित बनानी होगी। ऐसे कर्मचारी जिनमें बुखार, खांसी और सांस लेने में कठिनाई के लक्षण पाए जाते हैं तो उन्हें बार में कार्य करने की अनुमति नहीं होगी। बार में कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों को अपने मोबाइल पर आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करना जरूरी होगा। बैठक में आबकारी एवं कराधान के सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी कल्पा वृत्त पालू राम, विमल और बार एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।