ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल के साथ लगते मतियाना के करियाली और मत्योड़ गांव में छह दिन से अंधेरा पसरा हुआ है। बत्ती गुल होने से क्षेत्र के लोगों को खासी परेशानियों का समाना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक छह दिन पहले अचानक बिजली गुल हो गई, जो आज तक बहाल नहीं सकी।
ग्रामीण दौलत राम ने बताया कि बिजली न होने के कारण बागवानों को बगीचों में स्प्रे करने में परेशानी हो रही है। वहीं, क्षेत्र के सभी स्कूली बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ज्ञान सिंह, भीम सिंह, संजय कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि बत्ती गुल होने से बिजली से चलने वाले सभी उपकरण बंद पड़े हैं, जिससे जीवन थम सा गया है। ग्रामीणों ने कहा कि इस समस्या के बारे में बिजली बोर्ड को कई बार शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं किया गया। एक ओर लोगों को कोरोना महामारी से जूझना पड़ रहा है तो दूसरी ओर बिजली न होने के कारण ग्रामीणों के कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। उन्होंने प्रशासन और बिजली बोर्ड से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई है। इसके बारे में विद्युत बोर्ड के एक्सईएन अशोक कुमार परमार ने बताया कि शनिवार रात को ट्रांसफार्मर जल गया था। इसके बाद सोलन से ट्रांसफार्मर लाया गया है। उन्होंने दावा किया कि मंगलवार देर शाम तक गांव में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।