नेरवा (रोहडू)। चार दशक पहले भराणू स्थित शिल्ला खड्ड पर बने बैली पुल के बार-बार क्षतिग्रस्त होने से परेशान लोगों ने आरसीसी का पक्का पुल बनाने की मांग की है। पिछले सप्ताह फिर पुल टूट गया। करीब एक दशक में कई बार पुल क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे किसानों-बागवानों को अपने उत्पाद मंडियों तक पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुल पर बिछाई गई लोहे की प्लेटें उखड़ गई हैं। अब पुल से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है।
इन दिनों क्षेत्र में टमाटर सीजन के साथ और निचले क्षेत्रों में सेब सीजन भी शुरू हो चुका है। अब किसानों-बागवानों चिंता सता रही है कि यदि बरसात होने पर वैकल्पिक मार्ग खड्ड में बह गया तो उत्पाद मंडियों तक कैसे पहुंचाएंगे। पुल के क्षतिग्रस्त होने पर पौड़िया, मधाना एवं थरोच की तरफ जाने वाली बसों की आवाजाही पुल के नीचे खड्ड में बने मार्ग से हो रही है। बारिश होने पर खड्ड का जलस्तर बढ़ने से यह रास्ता कभी भी बंद हो सकता है। नेरवा वार्ड की जिला परिषद सदस्य वीना पोटन ने सरकार से मांग की है कि इस स्थान पर आरसीसी के पक्के पुल का निर्माण करवाया जाए। लोनिवि के सहायक अभियंता वीरेंद्र राजटा ने बताया कि विभाग का यात्र्ंिाकी विंग जल्द पुल की मरम्मत करेगा। फिलहाल, वाहनों के गुजरने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है। विभाग का प्रयास रहेगा कि किसानों-बागवानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।