रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की ग्राम पंचायत कूहल के पटेना गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब बादशाह ब्वॉय सेरी-मझाली ने हासिल किया है। संदीप को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर आफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। शरौरू युवक मंडल पटेना की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के 19वें संस्करण में ग्रामीण क्षेत्रों की 32 टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर गिंचा और बादशाह ब्वॉय सेरी-मझाली की टीम फाइनल में पहुंची। खिताबी मुकाबले में बादशाह ब्वॉय सेरी-मझाली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 89 रनों का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गिंचा की टीम 12 रन से मैच हार गई। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज पिंकी, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज गुरजीत, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक अमित नेगी और सर्वश्रेष्ठ विकेट कीपर संजू को चुना गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में स्थानीय विधायक नंद लाल बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।
उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर नवाजा। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। साथ ही खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। विधायक नंदलाल ने शरौरू युवक मंडल की सराहना कर कहा कि युवाओं को शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से सशक्त, मजबूत बनाने के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन करना अच्छा प्रयास है।
विधायक ने विजेता टीम को 71,786 रुपये की नकद राशि एवं ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 33,333 रुपये की राशि एवं ट्रॉफी से नवाजा। प्रतियोगिता के दौरान महिला मंडल पटेना ने युवक मंडल का खूब योगदान दिया।
इस मौके पर शरौरू युवक मंडल अध्यक्ष हरीश मेहता, सचिव रविकांत वर्मा, कोषाध्यक्ष जीवन, सलाहकार लेखराज भंडारी, अनुज कांची, नीतीश मेहता, प्रताप वर्मा, टेक भंडारी, अश्विनी चौहान, योगराज चौहान, अभिषेक चौहान, अनिल चौहान, अनिल मेहता, रजनीश भंडारी और सुरजीत नेगी सहित कई अन्य युवा मौजूद रहे। संवाद