ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग के सरिवन में सेना का ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन जवान घायल हो गए। तीनों घायलों का उपचार ठियोग अस्पताल में चल रहा है। गनीमत रही कि ट्रक सड़क से नीचे पेड़ में अटक गया जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार हादसा रविवार दोपहर उस समय पेश आया जब सेना का ट्रक सीमेंट की सप्लाई लेकर रामपुर की ओर जा रहा था। इसी बीच जब गाड़ी ठियोग से चार किलोमीटर आगे सरिवन के समीप पहुंची तो अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे गिर गई।
इस दौरान ट्रक 20 मीटर नीचे पेड़ में अटक गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। गाड़ी में बैठे तीनों जवानों को इस हादसे में चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को भी इस बारे में सूचित किया। इसके बाद घायल जवानों को उपचार के लिए ठियोग अस्पताल पहुंचाया गया। डीएसपी के ठियोग लखवीर सिंह ने मामले की पुष्टि की है।