सेब सीजन बंद होने के बाद बागवानी विभाग ने चौरा सेब बैरियर को किया बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में सेब सीजन अब पूरी तरह से समाप्त हो गया है। इस साल किन्नौर जिले से सेब की 48 लाख 31 हजार पेटियां देशभर की 11 विभिन्न सेब मंडियों में पहुंची हैं। इसमें सबसे अधिक दिल्ली के सेब मंडी में 15,76994 पेटियां पहुंचीं और सबसे कम रतनपुर सेब मंडी में 30,161 पेटियां पहुंचीं। सेब सीजन बंद होने के बाद अब बागवानी विभाग ने सोमवार से चौरा सेब बैरियर को बंद कर दिया है। गौरतलब है कि किन्नौर जिले में साल 1970 के बाद इस साल 2024 को सेब का अधिक उत्पादन हुआ है। इस साल बागबानी विभाग किन्नौर ने 34 लाख सेब पेटियों के उत्पादन का अनुमान लगाया था, लेकिन 48 लाख 31 हजार पेटियां देशभर की मंडियों में पहुंचीं हैं। इस बार पूह ब्लॉक से सबसे अधिक सेब की 18.24 लाख पेटियां देश की विभिन्न मंडियों में भेजी गईं हैं।
किन्नौर में इस साल सेब की 48 लाख 31 हजार पेटियों का उत्पादन हुआ है। बागवानी विभाग ने सेब सीजन समाप्त होने पर चौरा बागवानी बैरियर को बंद कर दिया है। यूनिवर्सल कार्टन से भी बागवानों को बहुत लाभ मिला है। इस बार 20 नई किस्मों का सेब का पौधा वितरित किया जाएगा।
- डॉ. भूपेंद्र नेगी, उप निदेशक, उद्यान विभाग किन्नौर