सैंज-माईपुल सड़क पर पुलिया भी क्षतिग्रस्त, सेब सीजन से पहले सड़क को खोलना प्रशासन के लिए बना चुनौती
पहले से एक डंगे को लगाने का चल रहा है काम
सुनील ग्रोवर
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग में एनएच-पांच पर बिजली बोर्ड के पास साल 2023 में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क पर डंगा लगाने का काम चल रहा है, वहीं सोमवार देर रात को सड़क किनारे का एक ओर डंगा ढह गया। अब सेब सीजन से पहले प्रशासन के लिए सड़क को यातायात के लिए बहाल करना चुनौती भरा बन गया है। इससे हजारों लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। वहीं, सोलन-सिरमौर के लिए सीधा मार्ग सैंज-माईपुल सड़क पर पुलिया भी क्षतिग्रस्त गई है। यह सड़क भी आवाजाही के लिए बंद है। ऐसे में बाईपास ही सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग बचा है। लोगों को सोलन-सिरमौर जाने के लिए शिमला से होकर ही आवाजाही करनी पड़ेगी। इन दिनों मौसम बिल्कुल साफ चल रहा है। इसके बावजूद डंगों के गिरने की क्या वजह हो सकती है, इस पर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग गिरे हुए डंगे के साथ हो रही खोदाई को इसका कारण मान रहे हैं। इससे पहले प्रशासन ने सड़क को बहाल करने के लिए 15 जुलाई की समयसीमा निर्धारित की थी, लेकिन डंगे के गिरने के बाद समय सीमा दोबारा निर्धारित करनी पड़ेगी। इस डंगे के गिरने के कारण निचली तरफ से गुजरने वाली ठियोग-चिखड़ पंप हाउस संपर्क सड़क के बंद होने का खतरा बढ़ गया है। इन दिनों हरी सब्जी का सीजन चल रहा है। इस संपर्क मार्ग से किसान अपनी फसलों को छोटे वाहनों में भरकर मुख्य सड़क तक पहुंचते हैं। इस संपर्क मार्ग के बंद होने से किसानों को अपनी फसल को मंडियों तक लाने में खासी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। पंचायतों के जन प्रतिनिधियों ने डंगे के काम को जल्द पूरा करने और संपर्क मार्ग को बहाल रखने के उचित प्रयास करने की मांग की है। हालांकि, एनएच के दूसरे विकल्प के रूप में शिमला से किन्नौर, रामपुर, रोहड़ू और चौपाल जाने वाले वाहन ठियोग बाईपास से होकर गुजर रहे हैं।
सोलन-सिरमौर का सीधा मार्ग जोड़ने वाली पुलिया भी टूटी
सेब सीजन के लिए अब अधिक समय नहीं बचा है। ठियोग से गुजरने वाला एनएच-पांच बंद पड़ा है। दूसरी ओर सैंज-माईपुल सड़क पर एक पुलिया के टूट गई है। इस पुलिया से सोलन-सिरमौर के लिए सीधा मार्ग जुड़ता है। यह सड़क भी बंद है। अब पराला मंडी से सेब ढोने वाले वाहनों को छैला से ठियोग तक की तीखी चढ़ाई पर अपना सफर जारी रखना होगा। इसके बाद इन वाहनों को ठियोग बाईपास से होते हुए शिमला शहर के जाम से दोचार होकर सोलन की ओर जाना पड़ेगा।
विज्ञापन
व्यापारियों में खासी निराशा
दो दिनों पहले ही एनएच बहाली के लिए डंगे का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। प्रशासन ने बीस दिनों में डंगा लगाने और टारिंग का करने करने का आश्वासन दिया था। व्यापारियों में दो सालों बाद सेब सीजन में व्यापार बढ़ने की आस थी, लेकिन इस डंगे के गिरने के बाद सेब सीजन तक सड़क बहाली मुश्किल हो गई है। इससे व्यापारियों की उम्मीदों को झटका लगा है।
जल्द होगा डंगे का काम पूरा
एनएचएआई के एक्सईएन रवि भट्टी ने बताया कि इस स्थान पर पहले से 25 मीटर डंगा लगना प्रस्तावित है। बुधवार से डंगे में कंक्रीट की नींव डालनी शुरू कर दी जाएगी। जल्द ही डंगे के काम को पूरा किया जाएगा। इसके अलावा सड़क पर टारिंग और सड़क किनारे नालियों को भी निर्माण किया जाएगा।