नेरवा स्कूल में वार्षिक समारोह, मुख्य अतिथि रजनीश किमटा ने नवाजे मेधावी
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नेरवा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। स्कूल के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से खूब समां बांधा। छात्रों ने राजस्थानी, हरियाणवी, पंजाबी लोकगीत, गुजरात का गरबा व डांडिया, सिरमौरी नाटी और ठोडा नृत्य पेशकर पूरे भारत की संस्कृति को एक ही मंच प्रस्तुत किया। प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। एसजेवीएनएल से सेवानिवृत्त महाप्रबंधक कमल सिंगटा बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य केवल राम चौहान ने मुख्यातिथि व अभिभावकों को स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट व उपलब्धियों से अवगत करवाया।
मुख्यातिथि रजनीश किमटा ने कहा कि स्कूल के प्रिंसिपल के नेतृत्व में नेरवा स्कूल एक बढ़कर एक उपलब्धियां हासिल कर रहा है। नेरवा स्कूल में इस समय छात्रों की संख्या चौपाल विधानसभा क्षेत्र में किसी भी सरकारी स्कूल की अपेक्षा सबसे अधिक छात्र पढ़ रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि नेरवा और चौपाल स्कूल को अधिक से अधिक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए व प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने छात्रों को भविष्य में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि इस समय युवा रास्ता भटककर नशे के दलदल में फंस रहे हैं, इसलिए युवा पढ़ाई के साथ खेलों की तरफ अधिक ध्यान दें। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को आश्वासन दिया कि सरकार से जल्दी ही स्कूल में स्टेज के निर्माण व मरम्मत के लिए आठ हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान करवाई जाएगी। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता जलशक्ति मंडल नेरवा रजनीश वर्मा, राजकीय माध्यमिक स्कूल मशरांह के प्रधानाचार्य श्याम चौहान, प्रधान सतीश राठौर, संदीप सूद, नरेंद्र ठाकुर व बबलू कंवर आदि गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। ।
इन छात्रों को किया सम्मानित
समारोह में नेरवा स्कूल के ध्रुव हेड ब्यॉय, अभिनव शर्मा सर्वश्रेष्ठ छात्र चुना गया। हेड गर्ल रितिका शर्मा को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ छात्रा के खिताब से नवाजा गया। इसके अतिरिक्त कला संकाय में जमा दो में संजय चौहान प्रथम, तमन्ना द्वितीय और पलक को तृतीय पुरस्कार दिया गया। विज्ञान संकाय में नितीश प्रथम, वंश द्वितीय और व मुस्कान को तृतीय पुरस्कार दिया गया। वाणिज्य संकाय में रानी प्रथम, अमृता द्वितीय व पायल को तृतीय स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए आशीष कुमार, सुमित कुमार, वैडवी, गुंजन, न्यासा, लक्ष्य शर्मा, रिजुल राज्य स्तर पर अनुष्का को सम्मानित किया गया। वन एक्ट प्ले व राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सांस्कृतिक दल की छात्राओं व राष्ट्रीय अंडर-19 कबड्डी में भाग लेने वाले आशीष कुमार व सुमित को भी पदक देकर सम्मानित किया गया । इसके अतिरिक्त अन्य कक्षाओं में प्रथम आने वाले तथा खेल, एनसीसी व एनएसएस के विशेष कार्यों के लिए सभी छात्रों को सम्मानित किया गया ।