चार महीने से बिजली आपूर्ति बंद, बच्चे अंधेरे में पढ़ने को मजबूर
गर्मी में पंखे और सर्दी में नहीं चल रहे हीटर
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर(कुल्लू)। उप तहसील नित्थर की देहरा पंचायत के मोईन गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में लापरवाही का अनोखा मामला सामने आया है। यहां पिछले चार माह से बिजली आपूर्ति ठप है। इसके बावजूद केंद्र को एक हजार रुपये का बिजली बिल थमा दिया गया है।
बिजली न होने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले नौनिहालों और आने वाली महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिना बिजली के कमरे अंधेरे में डूबे रहते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई और अन्य गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। मोईन गांव सतलुज नदी के किनारे है। यहां गर्मी के दिनों में तापमान अधिक रहता है। ऐसे में बिजली न होने से न तो पंखों का उपयोग हो पा रहा है और न ही सर्दी में हीटर का। इससे केंद्र में आने वाले बच्चों और महिलाओं को असुविधा झेलनी पड़ रही है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि पिछले चार माह से बिजली आपूर्ति बाधित है। इसके बावजूद विद्युत बोर्ड की ओर से एक हजार रुपये का बिल भेजा गया है, जिससे वे और विभाग दोनों ही असमंजस में हैं। उन्होंने विद्युत बोर्ड से जल्द बिजली बहाल करने और बिल संबंधी समस्या का समाधान करने की मांग की है।
इस संबंध में विद्युत बोर्ड नित्थर के कनिष्ठ अभियंता सचिन ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र की बिजली आपूर्ति एक-दो दिन में बहाल कर दी जाएगी। बिल के मामले को मीटर निरीक्षण के बाद दुरुस्त किया जाएगा।