ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। शिमला के ननखड़ी खंड की बड़ोग पंचायत के बाशिंदों ने अपात्र लोगों को बीपीएल सूची में शामिल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने उपायुक्त शिमला, एसडीएम रामपुर और बीडीओ ननखड़ी को शिकायत पत्र भेजकर मामले की उचित जांच की मांग उठाई है। विकास खंड ननखड़ी की बड़ोग पंचायत में बीपीएल सूची में करीब दो दर्जन अपात्र लोगों को शामिल करने के आरोप लगे हैं।
पंचायत के शाकला गांव के बाबू राम ठाकुर और बड़ोग गांव के हुकम चंद ने उपायुक्त शिमला, एसडीएम रामपुर और विकास खंड अधिकारी को शिकायत पत्र भेजा है। कहा कि ग्राम पंचायत बड़ोग में 17 अप्रैल को ग्राम सभा का आयोजन किया। इसमें बीपीएल परिवारों को चयन किया गया। इस सूची में करीब 25 लोगों का चयन नियमों के विपरीत हुआ है।
बीपीएल सूची में पंचायत प्रतिनिधि, नौकरी करने वाले, वाहन मालिक, पक्के मकान वाले और सेब के बगीचों वाले लोगों को शामिल किया गया है। कहा कि 14 जुलाई 2019 में बड़ोग पंचायत को बीपीएल मुक्त पंचायत घोषित किया गया था, लेकिन पंचायत नुमाइंदों ने कमेटी पर दबाव बनाकर बीपीएल का चयन किया।
सूची के लिए 5 बजे तक ग्राम सभा ने कोई निर्णय नहीं लिया था। न ही किसी व्यक्ति के नाम पारित हुए थे। अभी तक नोटिस बोर्ड पर कोई भी सूची नहीं लग पाई है। उन्होंने इसे नियमों की अवहेलना करने का आरोप लगाया। उन्होंने उपायुक्त शिमला और विकास खंड अधिकारी से बीपीएल सूची के चयन में पारदर्शिता और सही व्यक्ति का चयन करने की मांग की।
साथ ही उन्होंने इस सूची की जांच कर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पंचायत प्रधान रंजना चौहान ने बताया कि बीपीएल सूची का चयन नियमों के मुताबिक हुआ है। यदि कोई जांच करवाना चाहे तो जांच करवाई जा सकती है।
............
बड़ोग पंचायत में बीपीएल सूची में अपात्र लोगों के चयन की शिकायत मिली है। पंचायत की बीपीएल सूची की जांच की जाएगी। जांच में यदि कोई दोषी पाया गया तो उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-अभिषेक शर्मा, बीडीओ ननखड़ी