संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। गोविंद वल्लभ पंत महाविद्यालय रामपुर में रेड रिबन क्लब के सौजन्य से बुधवार को अंतरराष्ट्रीय एड्स दिवस मनाया गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पीसीआर नेगी ने की। कार्यक्रम में बीएमओ रामपुर डॉ. आरके नेगी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई।
इसमें सबसे पहले लघु नाटिका से विश्व एड्स दिवस के स्वरूप को विद्यार्थियों को समझाया गया। विशेष अतिथि डॉ. आरके नेगी ने एचआईवी एड्स की थीम एचआईवी एड्स की असमानता को समाप्त करना विषय को लेकर और एड्स क्या है और यह कैसे फैलता है, इसके उपचार के प्रमुख उपाय क्या हैं के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 15 से 44 वर्ष के लोगों में एड्स के विषाणु फैलने की ज्यादा आशंका रहती है। एड्स फैलने के प्रमुख कारण असुरक्षित यौन संबंध, खून के जरिये सूई के प्रयोग और संक्रमित मां से बच्चे को होता है। आज के दौर में नशे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सिरिंज इस्तेमाल होना भी एड्स को खुला निमंत्रण दे रहा है। यह विषाणु किसी के साथ इकट्ठा खाना खाने, कीट और मच्छरों से नहीं फैलता। इस मौके पर संयोजक शिवाली ठाकुर, डॉ. जय सिंह नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।
वहीं सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन बीएड, एमएड कॉलेज नोगली में भी एड्स दिवस पर प्रशिक्षुओं को जागरूक किया गया। इस दौरान प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने रामपुर बाजार में जागरूकता रैली भी निकाली। रैली का शुभारंभ संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकार राज दरबार से किया।
उन्होंने अपने संबोधन में प्रशिक्षु छात्र छात्राओं और शिक्षकों को विश्व एड्स दिवस के बारे में अवगत करवाया। प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटिका के माध्यम से एड्स के लक्षण, इससे बचाव, उपचार और कारण इत्यादि के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से सभी को एड्स के बारे में जागरूक किया।
इसमें छात्र धर्मेषना, शगुन, प्रियंका, स्वाति नेगी, रिया ठाकुर, मोनिका कौशल, मोनिका, परमेश्वरी, चंद्रशेखर, अमित जोशी, विनीत और कुसुमलता ने भाग लिया। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. नवीन कुमार मोक्टा ने अपने विचार व्यक्त किए और सभी प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को दिनचर्या में योग को अपनाने का आग्रह किया।
इस मौके पर अधीक्षक जेएल चौहान, राजेंद्र सदरेट, सीमा भारद्वाज, डॉ. कंचन नेगी, मीनाक्षी ठाकुर, रणजीत नेगी, मदन मोहन कौशल, यशवंत ठाकुर, मोनिका धीमान, हेमलता, बीनाक्षी अनमा, दीपक, नंदिनी, केवल, अनिता और कौशल्या सहित अन्य मौजूद रहे।