एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट की अध्यक्षता में हुई बैठक, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
सिराज उत्सव लवी मेले के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को मेला कमेटी और प्रशासन की संयुक्त बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने की। इस दौरान मेले में बिजली, पानी, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं, पुलिस सुरक्षा, यातायात और पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने कहा कि सिराज उत्सव लवी मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से मेला कमेटी को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए उचित प्रबंध किए जाएंगे। साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित किए जाएंगे ताकि मेले में पहुंचने वाले लोगों को असुविधा न हो। 21 वर्षों से निभाई जा रही देव परंपरा सिराज उत्सव लवी मेला कमेटी के अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने कहा कि देवता शमशरी महादेव के सानिध्य में यह उत्सव पिछले 21 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। मेला क्षेत्र की समृद्ध देव परंपरा, लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले में क्षेत्र के 10 देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। मेले को भव्य रूप देने के लिए कमेटी तैयारियों में जुटी है। बैठक में मेले के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रशासन और मेला कमेटी ने आपसी तालमेल से सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर डीएसपी राजीव मेहता, बीएमओ डॉ. भागवत प्रकाश मेहता, सत्यपाल ठाकुर, प्रधान सुनीता शर्मा, महेंद्र ठाकुर, महासचिव शिवराज शर्मा, किशोरी लाल, देवराज, अजय गोस्वामी, गुमत राणा, प्रताप, नरोत्तम ठाकुर, ज्ञान भारती, मुनीश और नवनीत सहित मेला कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।