रामपुर बुशहर। कोरोना संक्रमण को लेकर सरकार लगातार एहतियात बरत रही है और प्रदेशभर में लॉकडाउन किया गया है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए लोगों को घरों में रहने की सलाह दी जा रही है, बावजूद इसके कई लोग अभी भी इस संक्रमण को हलके में ले रहे हैं और नियमों की अवहेलना कर घरों से बाहर घूम रहे हैं।
पुलिस भी ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है और ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। ऐसे ही दो मामलों में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ कर्फ्यू की उल्लंघना और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं।
पुलिस थाना रामपुर से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार शाम को थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस दल एनएच पांच बिथल के पास गश्त पर था। इस दौरान रामपुर की ओर से आ रही एक कार संख्या एचपी 06 बी 1571 में नियमों को ताक पर रख कर पांच युवक सवार थे। कार में जोर से जोर से म्यूजिक सिस्टम भी चल रहा था, जबकि कार चालक के पास कर्फ्यू के दौरान सफर करने संबंधित कोई पास नहीं था। पुलिस ने जब कार को रोका तो उसमें सवार चार युवक एनएच से नीचे की ओर भाग गए, जबकि पुलिस ने कार में बैठे चालक, यशपाल, पुत्र राम लाल, गांव और डाकघर बढ़ाच, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला से पूछताछ की। उसने मौके से फरार लोगों के नाम जिनमें विजय सिंह, अर्नल बायल, मदन वर्मा और नवी शामिल हैं के बारे में पुलिस को जानकारी दी। चालक की हालत देखकर लग रहा था कि कार में ये शराब पी रहे थे। इस तरह से इन पांच लोगों का इकट्ठे एक कार में बैठना और बिना अनुमति सफर करने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 के तहत मासमला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरे मामले में वीरवार शाम करीब 5:30 बजे पुलिस ननखड़ी तहसील के चेबड़ी गांव में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति मोहिंद्र सिंह, पुत्र सेवा राम, गांव चेबड़ी, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला बिना मास्क लगाए सड़क पर घूम रहा था। अपने साथ यह व्यक्ति एक छोटे बच्चे को भी घुमा रहा था, जब पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की तो यह व्यक्ति पुलिस से ही उलझ गया और दुर्व्यवहार करने लगा। इसी दौरान मौके पर एक अन्य व्यक्ति कुलदीप चौहान, पुत्र मोहिंद्र सिंह, गांव चेबड़ी, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला आया और वह भी पुलिस से उलझने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने इन दोनों लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188, 186, 34 और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि कर्फ्यू और डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई अमल में ला रही है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि कर्फ्यू का उल्लंघन न करें। सभी लोग अपने घरों पर रहें, इसी में सभी की सुरक्षा है।