ठियोग (रामपुर बुशहर)। करोना महामारी को लेकर जहां पूरे देश में स्वास्थ्य विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर रखा है, वहीं अपर शिमला के ठियोग में स्वास्थ्य विभाग की बहुत बड़ी नाकामी देखने को मिली। ठियोग में वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन किए गए लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए सिविल अस्पताल ठियोग बुलाया गया। यहां पर जब जांच नहीं हुई तो उन्हें जवाहर नवोदय विद्यालय में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया। लेकिन यहां पर भी इन लोगों का टेस्ट करने वाली टीम के न होने के कारण उन्हें वापस भेज दिया गया। 16 लोगों को लाने और ले जाने की व्यवस्था भी सही तरीके से नहीं की गई। एक वाहन में ही चालक सहित छह लोग बैठा दिए गए। उधर, उपमंडल अधिकारी नागरिक कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो विभाग से इसकी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।