झाकड़ी के रतनपुर में मंगलवार रात पेश आया हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पुलिस थाना झाकड़ी के तहत आने वाले रतनपुर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में जब उसे अस्पताल पहुंचाया गया तो यहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई है।
पुलिस थाना झाकड़ी से मिली जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक एचपी 62 ए-9036 मंगलवार को कौरिक से शिमला की ओर जा रहा था। देर शाम साढ़े सात बजे जैसे ही ट्रक झाकड़ी के समीप रतनपुर में पहुंचा, तो यहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में एक बुजुर्ग आ गया। बुजुर्ग को टक्कर मारकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया और घायल अवस्था में बुजुर्ग को रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया। यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान हरदयाल चौहान (75), पुत्र स्व. बांकी राम, निवासी गांव शाह, डाकघर धारगौरा, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से फरार हुए ट्रक चालक को भी दबोच लिया है।
पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक 28 वर्षीय कमलेश, निवासी बिलासपुर, जिला बिलासपुर को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भारतीय नागरिक संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। हादसे के मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन में जुटी हुई है। - नरेश शर्मा, डीएसपी रामपुर