नेरवा (रोहड़ू)। उपमंडल चौपाल की देवत पंचायत के कुंबड़ा गांव में इन दिनों जश्न का मौहाल है। भाई-बहन के जेईई में उत्तीर्ण होने के बाद अब एक बेटी ने नीट परीक्षा पास की है।
कुंबड़ा के पुलिस विभाग में कार्यरत गुलजार मोहम्मद और गृहिणी शमशाद की बेटी आरजू ने नीट 2020 परीक्षा में सफलता हासिल कर नाम रोशन किया है। आरजू का बचपन से ही चिकित्सक बनने का सपना था। इसके लिए उसने दसवीं से ही तैयारी शुरू कर दी थी। वह प्रतिदिन दस से बारह घंटे पढ़ाई करती रही। अब उसे मेहनत का प्रतिफल मिल गया है। इसके लिए उसने शिक्षकों, परिजनों का आभार जताया।
आरजू ने कहा कि वह चिकित्सक बनकर ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद और गरीबों की सेवा करेगी। उसने 10वीं हिमालयन पब्लिक स्कूल नेरवा और 12वीं शहीद श्याम सिंह राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नेरवा से की। हिमालयन पब्लिक स्कूल नेरवा के चेयरमैन वीरेंद्र चौहान और प्रधानाचार्य दिनेश रंटा ने आरजू और परिजनों को बधाई दी।
इससे पहले कुंबड़ा के गरीब परिवार से संबंधित इशाक मोहम्मद और मुमताज के बेटी मीरान और बेटी नाजिश ने जेईई परीक्षा पास की। उन्होंने परिवार ही नहीं बल्कि चौपाल उपमंडल का भी नाम रोशन किया है। मीरान का जेईई एडवांस पास करने पर आईआईटी जोधपुर और नाजिश का जेईई मेंस पास करने एनआईटी हमीरपुर के लिए चयन हुआ है। इनकी प्राथमिक शिक्षा हिमालयन पब्लिक स्कूल नेरवा से हुई। उन्हाेंने जमा दो की शिक्षा अरिहंत स्कूल नाहन से की। दोनाें अपनी उपलब्धि से गदगद हैं।