संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी-लूहरी नेशनल हाईवे-305 पर नगान के पास शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे एक डंपर सड़क किनारे जल शक्ति विभाग की सिंचाई कूहल में जा धंसा। इससे आनी-लूहरी के बीच आवाजाही करीब 12 घंटे तक प्रभावित रही।
मुख्य सड़क के दोनों तरफ कई घंटे जाम लगा रहा। कुछ घंटों के बाद सड़क छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दी गई, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई।
अड्डा प्रभारी आनी ने कुछ बसें जुंडवा-तिहनी होकर शिमला, रामपुर की तरफ भेजीं, जबकि कुछ बसों की अदला बदली करवाई गई। शिमला, रामपुर और कुल्लू की तरफ आवाजाही करने वाले हजारों लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा।
शाम करीब साढ़े तीन बजे डंपर को कड़ी मशक्कत के बाद हटाया गया। करीब 12 घंटे बाद सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो पाई।